आकांक्षा में पटमदा के लोकनाथ की शानदार सफलता, मिलेगा इंजीनियरिंग में कोचिंग का मौका, 91% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान
Patamda : राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा के प्रतिभाशाली छात्र लोकनाथ गोराई ने राज्य स्तरीय आकांक्षा परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 90.63% अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कुल 160 में से 145 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया है। चुड़दा गांव निवासी लोकनाथ एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता प्रियरंजन गोराई गांव-गांव घूमकर फेरी के माध्यम से कपड़े बेचते हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लोकनाथ ने अपने पिता के संघर्ष से प्रेरणा लेकर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की, जो उनकी लगन और दृढ़ संकल्प का परिचायक है।
इस शानदार उपलब्धि के साथ ही लोकनाथ को सरकार की ओर से इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए निःशुल्क अवसर प्रदान किया जाएगा, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार व वर्ग शिक्षक श्रीमंत प्रमाणिक ने लोकनाथ को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्र की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विद्यालय के सभी शिक्षकों को भी बधाई दी। वहीं, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडे एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने भी लोकनाथ की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शुभकामनाएं दीं। लोकनाथ ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय परिवार को दिया है। उनकी इस सफलता से विद्यालय में हर्ष का माहौल है, वहीं ग्रामीण क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए वे प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं।






























