समाजसेवी आशीष डे की 73वीं जयंती पर बोड़ाम के 60 सबर परिवारों को बांटे गए राशन
Patamda: सामाजिक संस्था टीम पीएसएफ की पहल पर शनिवार को जमशेदपुर के चर्चित व्यवसायी व समाजसेवी स्व आशीष डे की 73वीं जयंती के अवसर पर वर्ष का सबसे बड़ा सेवा अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व स्व आशीष डे की धर्मपत्नी डोलन डे ने किया। इस अवसर पर दलमा की तलहटी बोड़ाम प्रखंड के पाकोटोड़ा, गागीबुरु, बेलडीह टोला और डांगडुंग गांवों में रहने वाले 60 सबर परिवारों के बीच एक माह का सूखा राशन एवं दैनिक जरूरत की सामग्री का वितरण किया गया।
इसके अलावा 20 सबर परिवारों के घरों की क्षतिग्रस्त छतों को मजबूत प्लास्टिक शीट से ढका गया, ताकि उन्हें तेज धूप और बारिश से राहत मिल सके। डोलन डे ने स्वयं कई घरों की टूटी छतों को प्लास्टिक से ढककर मानवीय संवेदना का उदाहरण पेश किया। ‘खुशियाली पैक’ के अंतर्गत प्रति परिवार एक साड़ी, एक धोती, कॉपी, पेंसिल, रबर, ब्रेड, केक, बिस्किट, भुजिया सहित बच्चों के लिए सामग्री वितरित की गई। साथ ही चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर दवाइयां, फर्स्ट एड बॉक्स, सैवलॉन, फिनाइल जैसी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी सामग्री भी प्रदान की गई। डोलन डे ने कहा कि साकची श्रीलेदर्स परिवार की सोच हमेशा से रही है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े सबर और आदिवासी परिवारों तक पहुंचकर उनकी जिंदगी में थोड़ी खुशियां लाई जाएं। कार्यक्रम में उनकी पुत्रवधू के साथ संजय चौधरी, पूर्व जिला परिषद सदस्य स्वपन कुमार महतो, शिक्षक निवारण सिंह, विभूति सिंह उपस्थित रहे। टीम पीएसएफ की ओर से निदेशक अरिजीत सरकार, स्नेहा सरकार, कुमारेश हाजरा, दीपक कुमार मित्रा, तपन चंदा, भास्कर कुंडू, उत्तम कुमार गोराई, रवि शंकर, कमल कुमार घोष, सौरभ चटर्जी, किशोर साहू, अनिल प्रसाद, फुलचंद सिंह सरदार और सुभाष साहिस शामिल रहे।






























