पटमदा में सड़क दुर्घटना: मैजिक वैन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत

Patamda: टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग पर रविवार रात करीब 8 बजे जलडहर पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जलडहर निवासी लगभग 40 वर्षीय अजीत सहिस (पिता – स्व. बुधु सहिस) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अजीत सहिस पेट्रोल पंप से पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी पटमदा के बेलटांड़ से झाड़बामनी की ओर जा रही एक अनियंत्रित मैजिक वैन ने सड़क पार करते समय उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना में युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी, जो उसकी मौत का मुख्य कारण बनी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। बताया जाता है कि करीब दो महीने पहले ही अजीत सहिस के पिता का निधन हुआ था। वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और दो बेटे हैं। घटना के समय उनकी पत्नी एक शादी समारोह में गई हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वह पेशे से मजदूर था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




