बोड़ाम में बच्चों से भरी स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र के गुगलुबनी गांव के समीप मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बच्चों को लेकर जा रही साउथ प्वाइंट स्कूल की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सभी बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद बच्चों और अभिभावकों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। बस पश्चिम बंगाल के बराबाजार से रसिकनगर, गुगलुबनी, लावजोड़ा और भूला मोड़ होते हुए पटमदा के गोबरघुसी स्थित साउथ प्वाइंट स्कूल जा रही थी। इसी दौरान गुगलुबनी के पास चालक का बस पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस मुख्य सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पलटने से बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी भी बच्चे, चालक अथवा अन्य व्यक्ति को चोट नहीं लगी।
घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। बस में सवार अपने बच्चों को सुरक्षित देखकर अभिभावकों ने राहत की सांस ली, लेकिन इस घटना को लेकर उनमें भारी नाराजगी भी देखने को मिली। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन लंबे समय से पुरानी बसों का संचालन कर रहा है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि जब तक स्कूल प्रबंधन सुरक्षित एवं नई बस की व्यवस्था नहीं करता, तब तक वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बस पुरानी जरूर है लेकिन कंडीशन सही है। यह घटना एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन को साइड देने के क्रम में चालक द्वारा बस को सड़क से अचानक उतारने पर गीली मिट्टी में चक्का धंस गया। प्रबंधन के अनुसार इस घटना में किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।



