दगड़ीगोड़ा आश्रम में धार्मिक अनुष्ठान का दूसरा दिन, आस्तिक महतो ने किया भागवत कथा का श्रवण
Patamda: पटमदा प्रखंड के दगड़ीगोड़ा गांव स्थित श्री श्री हरि साधना आश्रम में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दूसरे दिन सोमवार को समाजसेवी सह झामुमो के वरिष्ठ नेता आस्तिक महतो आश्रम पहुंचे और श्रद्धापूर्वक भागवत कथा का श्रवण किया। आस्तिक महतो ने कहा कि आश्रम परिसर में आने से मन को गहरी शांति मिलती है और ऐसे धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करना सौभाग्य की बात होती है। इस अवसर पर उनके साथ बोड़ाम के पूर्व जिला पार्षद स्वपन कुमार महतो, अशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में साधु-संत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इससे पूर्व रविवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो ने सपत्नीक भाग लेकर भागवत कथा का श्रवण किया था। उन्होंने आयोजक समिति को जिला परिषद निधि से आश्रम परिसर में एक शेड निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया। आश्रम के संचालक शंभू दास बाबाजी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा, मेदनीपुर एवं नवद्वीप से आए कलाकारों की टीम द्वारा लीला कीर्तन एवं बाउल संगीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी जा रही है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि अनुष्ठान के पहले दिन से ही हजारों श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी, पूड़ी, बुंदिया एवं पुलाव का प्रसाद वितरण किया जा रहा है, जो मंगलवार तक जारी रहेगा। समापन अवसर पर 100 से अधिक साधु-संतों के बीच कंबल वितरण का भी कार्यक्रम निर्धारित है।






























