पटमदा-बोड़ाम की जनसमस्याओं पर समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने उपायुक्त को सात सूत्री ज्ञापन सौंपा
Patamda: समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने मंगलवार को पटमदा और बोड़ाम प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर सात सूत्री ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त ने सभी मामलों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में अधिग्रहित रैयती भूमि का मुआवजा, पटमदा सीएचसी में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता केरकेट्टा की पुनः पदस्थापना, जिले में बढ़ते मलेरिया पर नियंत्रण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों की गुणवत्ता की जांच तथा गोबरघुसी पंचायत समेत सुदूर क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के समाधान की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
इसके अलावा प्रभावित गांवों में मच्छरदानी वितरण, स्वास्थ्य जांच शिविर, फॉगिंग, दवा छिड़काव और पर्याप्त जांच किट उपलब्ध कराने तथा सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की भी मांग की गई। उपायुक्त ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी मामलों की गंभीरता से समीक्षा कर संबंधित विभागों से प्रतिवेदन प्राप्त करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विश्वनाथ महतो ने कहा कि ये सभी मुद्दे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के स्वास्थ्य, आवागमन, संचार और आजीविका से जुड़े हैं, जिनका शीघ्र समाधान आवश्यक है।



