14 वर्षों की समर्पित सेवा के लिए शिक्षिका डोली डे सम्मानित
Patamda: एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा की वरीय शिक्षिका एवं स्नातकोत्तर प्रशिक्षित जीव विज्ञान शिक्षिका डोली डे के विद्यालय में 14 वर्ष की सफल एवं समर्पित सेवा पूर्ण होने पर सोमवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। समारोह में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने डोली डे के 14 वर्षों के सेवाकाल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक दोनों क्षेत्रों में सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका निभाई है। उनकी लेखन शैली, समय प्रबंधन, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि डोली डे हमेशा विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती रही हैं। विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने विद्यालय की कार्यसंस्कृति को और मजबूत किया है। प्राचार्य ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने डोली डे को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मान ग्रहण करने के बाद डोली डे ने विद्यालय में बिताए 14 वर्षों के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार के सहयोग, सहकर्मियों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों से निरंतर जुड़ाव ने उनके सेवाकाल को यादगार बनाया है। उन्होंने भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों एवं विद्यालय के विकास में योगदान जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। समारोह में विद्यालय परिवार के सदस्यों ने डोली डे को 14 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की।








