झारोटेफ ने जनगणना–2027 के मकान सूचीकरण कार्य के लिए प्रतिपूरक अवकाश की मांग
पटमदा प्रखंड इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
Patamda: झारोटेफ पटमदा प्रखंड इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को प्रखंड अध्यक्ष प्रबोध कुमार महतो के नेतृत्व में बीडीओ राजेन्द्र कुमार दास से शिष्टाचार भेंट कर जनगणना–2027 के मकान सूचीकरण कार्य में पर्यवेक्षक एवं प्रगणक के रूप में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रतिपूरक अवकाश प्रदान किए जाने संबंधी ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि जनगणना–2027 के मकान सूचीकरण कार्य के दौरान अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने ग्रीष्मावकाश तथा अन्य अवकाश के दिनों में भी सरकारी दायित्वों का निर्वहन किया है। झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के पत्रांक 5163, दिनांक 21.06.2016 के आलोक में ऐसे शिक्षक-शिक्षिकाएं नियमानुसार प्रतिपूरक अवकाश पाने के अधिकारी हैं।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी से आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया। बीडीओ ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष पंचानन महतो, प्रखंड अध्यक्ष प्रबोध कुमार महतो प्रखंड सचिव शक्ति शेखर, सहदेव दास, मिहिर कुमार प्रामाणिक एवं उज्ज्वल कांति दास मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



