झारखंड में 16 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 37 लाख के इनामी उग्रवादियों समेत 11 आधुनिक हथियार सौंपे
आरसीएम, जेडसीएम, एसजेडसीएम और एसीएम स्तर के नक्सलियों ने छोड़ी हिंसा की राह, पुलिस ने बताया बड़ी सफलता
Ranchi : झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। विभिन्न जिलों के कुल 16 सक्रिय नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में एक रीजनल कमेटी सदस्य, तीन जोनल कमेटी सदस्य, तीन सब-जोनल कमेटी सदस्य, छह एरिया कमेटी सदस्य तथा तीन कैडर शामिल हैं।
आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष 11 आधुनिक हथियार भी जमा किए। इनमें छह इंसास राइफल, दो एके-47, एक एचके-33 राइफल, एक यूएस कार्बाइन तथा एक एम-16 राइफल शामिल है। इसके अलावा 38 मैगजीन और कुल 1,562 कारतूस भी सुरक्षा बलों को सौंपे गए। पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में कई ऐसे नक्सली भी शामिल हैं जिन पर लाखों रुपये का इनाम घोषित था। इनमें रीजनल कमेटी सदस्य संतोष उर्फ बसुदेव दा पर 15 लाख रुपये, जोनल कमेटी सदस्य चंदन लोहरा पर 10 लाख रुपये तथा कई एसजेडसीएम और एसीएम स्तर के नक्सलियों पर 2 से 5 लाख रुपये तक के इनाम घोषित थे। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों का संबंध गिरिडीह, हजारीबाग, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार, लोहरदगा, बोकारो, रांची, सरायकेला-खरसावां समेत झारखंड के विभिन्न जिलों से है। दस्तावेज में छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर जिले के कुछ नक्सलियों का भी उल्लेख किया गया है, जो संगठन के सदस्य रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यह आत्मसमर्पण नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी उपलब्धि है। इससे न केवल संगठन को कमजोर करने में मदद मिलेगी, बल्कि प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं विकास की प्रक्रिया को भी बल मिलेगा।



