भ्रष्टाचार के खिलाफ सीपीएम का हल्ला बोल 11 को, घर- घर कर रहे हैं चावल व नकदी का कलेक्शन

10 सूत्री मांगों को लेकर बोड़ाम प्रखंड मुख्यालय में धरना प्रदर्शन की तैयारी जोरों पर
Patamda : भारतीय मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी बोड़ाम लोकल कमेटी की ओर से बोड़ाम प्रखंड मुख्यालय में 11 सितंबर को भ्रष्टाचार के खिलाफ हल्ला बोल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसकी जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष कॉमरेड लोटन दास ने बताया कि स्थानीय 10 सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम आहूत किया गया है। प्रदर्शन कार्यक्रम की तैयारी के मद्देनजर मंगलवार को पार्टी के बोड़ाम लोकल सचिव माणिक चंद्र महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पलाशडीह व कांकीडीह गांव में घर-घर अभियान चलाया और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान प्रत्येक घरों से नकदी एवं चावल का कलेक्शन भी किया गया। धरना प्रदर्शन के अंत में बोड़ाम बीडीओ को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
मांगों में मुख्य रूप से जमीन का ऑनलाइन इंट्री में घूसखोरी और भ्रष्टाचार को खत्म करने, वृद्धावस्था पेंशन का नियमित भुगतान करने, बोड़ाम बाजार की जर्जर सड़क की मरम्मत करने एवं अबुआ आवास योजना में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म करने आदि शामिल हैं।





























