नीमडीह पुलिस ने अवैध शराब की 3 भट्टियों को किया ध्वस्त, संचालक फरार

Chandil: आगामी दुर्गा पूजा कार्यक्रम को देखते हुए आरक्षी अधीक्षक, सरायकेला- खरसावां के निर्देश पर अवैध शराब की चुलाई एवं बिक्री के खिलाफ नीमडीह थाना की पुलिस सक्रिय हो गई है। गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को नीमडीह थाना क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए नीमडीह पुलिस के द्वारा जुगिलोंग गांव के पास स्थित तीन महुआ शराब की भट्टियों को ध्वस्त किया गया एवं करीब 300 किलो ग्राम जावा महुआ को जमीन पर गिराकर विनष्ट किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि अवैध महुआ शराब की भट्टी के संचालकों का पता लगाकर उनके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पूर्व से चिन्हित सभी अवैध देशी महुआ भट्ठी संचालकों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। दुर्गा पूजा को देखते हुए नीमडीह पुलिस अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रखेगी।





