रेल टेका आंदोलन को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क, निकाला गया फ्लैग मार्च, बनेगी अस्थायी जेल
Chandil: पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कुड़मी समाज की ओर से शनिवार को आयोजित रेल टेका (ट्रेन रोकने) आंदोलन को लेकर सरायकेला – खरसावां जिले के विभिन्न गांवों में पूरी तैयारी की गई है। नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झिमड़ी एवं तिरुलडीह थाना क्षेत्र के हेंसालोंग स्टेशन में ट्रेन रोकने को लेकर जहां कुड़मी समाज के लोगों ने रणनीति बनाई है वहीं पुलिस -प्रशासन भी सतर्क हो गया है।
शुक्रवार की शाम को सीओ अभय द्विवेदी के नेतृत्व में प्रशासन का फ्लैग मार्च अभियान चलाया गया। इसमें एसडीपीओ अरविंद विन्हा और नीमडीह थाना प्रभारी संतन तिवारी समेत सशस्त्र बल शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक प्रशासन की ओर से आंदोलनकारियों से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। आंदोलन के दौरान उपद्रव करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने एवं उन्हें गिरफ्तार करते हुए हिरासत में लिया जाएगा। इसके लिए प्रखंड मुख्यालय स्थित कई विद्यालयों में अस्थायी जेल बनाई जाएगी। दूसरी ओर चांडिल अनुमंडलाधिकारी की ओर से सभी स्टेशनों पर धारा 144 लागू कर दी गई है। आदिवासी कुड़मी समाज के आह्वान पर समाज के लोग भी अपने स्तर से पूरी तैयारी में जुटे हैं। समाज की ओर से यह आंदोलन कुड़मी जाति को पुनः अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने एवं कुड़माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर है।





