धूसरा पहुंची मेडिकल टीम, 7 नए मरीज पटमदा एवं 3 गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों का एमजीएम में चल रहा इलाज
Patamda : पटमदा सीएचसी की मेडिकल टीम ने मंगलवार को पटमदा प्रखंड अंतर्गत धूसरा गांव के ढोलकोचा सबर टोला पहुंचकर डायरिया से पीड़ित मरीजों का हालचाल लिया और गांव में ही कैंप लगाकर कर इलाज किया। टोला के सोनू सबर (70 ), चमचमी सबर (14), मार्शल सबर (10), हर्ष चंद्र सबर (44), रानी सबर (11), सोमवारी सबर (28) एवं दीपक सबर (2) को माचा स्थित पटमदा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जबकि गंभीर रूप से पीड़ित सूरजमणि सबर (19), मालती सबर (18) व शुकमल सबर ( 11) को जांचोपरांत सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके सिंह ने एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि सीएचसी में लाए गए सभी मरीजों की स्थिति ठीक है। जबकि सोमवार को भर्ती होने वाले अन्य मरीज भी ठीक होने के बाद घर चल गए हैं। उन्होंने बताया कि सबर टोला के सभी घरों में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने सभी लोगों को उबाला हुआ पानी पीने की सलाह दी है।
गौरतलब हो कि गांव का एकमात्र चापाकल है, जो खराब होने के बाद से इस टोला के लोग सिंचाई कुएं का पानी पीते हैं। झामुमो नेता हरिहर सिंह ने सोमवार को 8 मरीजों को अस्पताल पहुंचाया। समाचार प्रकाशित होने के दूसरे दिन पटमदा के सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके सिंह ने गांव में कैम्प लगाकर मरीजों का इलाज किया। इस दौरान आईडीएसपी डॉ. अशद, एएनएम शोभा महतो व अन्य मणिमांला सिंह आदि मौजूद थे।





