बोड़ाम में हुई सड़क दुघर्टना में टाटा स्टील के ठेका मजदूर की मौत
अजीत प्रमाणिक (फाइल फोटो)
Patamda: भुईयांसिनान- बड़ासुसनी मुख्य सड़क पर रविवार की शाम करीब 6 बजे हुई एक दुर्घटना में बांकादा निवासी 38 वर्षीय अजीत प्रमाणिक की मौत हो गई। वह टाटा स्टील में ठेका मजदूर था और घटना के वक्त अपने एक साथी मजदूर को पश्चिम बंगाल के बराबाजार स्थित घर पर छोड़कर बाइक से अपने घर लौट रहा था।
घटना के बाद गमगीन परिजन
इस संबंध में पीएलवी निताई चंद्र गोराई ने बताया कि अजीत जमशेदपुर में रहकर मजदूरी करता था और सप्ताह में एक दिन घर आता था। दीपावली व काली पूजा को लेकर अपने एक साथी को छोड़कर लौटने के क्रम में उसकी बाइक गुगलूबनी व मुकरूडीह गांव के बीच निर्माणाधीन सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सड़क पर मौजूद गिट्टी के कारण स्किट करने पर वह अनियंत्रित होकर गिर गया था। घटना में उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट होने पर काफी रक्तस्राव हुआ और उसे बेहोशी की हालत में परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक की पत्नी सुमित्रा प्रामाणिक, बेटा शिवनाथ एवं सोमनाथ व माता मंथरा प्रामाणिक का रो-रो कर बुरा हाल था। वह दो भाइयों में छोटा था। दीपावली के दिन हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंचे जेएलकेएम नेता देवव्रत महतो एवं पीएलवी निताई चंद्र गोराई ने पीड़ित परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया एवं पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाया। पोस्टमार्टम हाउस में बोड़ाम थाना के सहायक अवर निरीक्षक मोहम्मद मजीद एवं अन्य लोग मौजूद थे। बड़े भाई रंजीत प्रमाणिक ने बताया कि अजीत पिछले 3 माह से टाटा स्टील में मजदूरी कर रहा था।





