मानगो नगर निकाय की कुल 36 सीटों में से एसटी के लिए सिर्फ दो सीटें आरक्षित किए जाने पर आपत्ति
Jamshedpur: संयुक्त ग्राम सभा संघर्ष समिति की ओर से देश परगना बैजू मुर्मू से उनके आवास, पावड़ा में शिष्टाचार भेंट एवं महत्वपूर्ण चर्चा की गई। यह बातचीत अनुसूचित क्षेत्र में बिना पेसा कानून लागू किए, सामान्य कानून झारखंड नगर पालिका अधिनियम 2011 के तहत मानगो नगर निकाय चुनाव कराए जाने के संदर्भ में हुई। संयुक्त ग्राम सभा संघर्ष समिति के अध्यक्ष मदन मोहन सोरेन ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्र के शहरी इलाकों में आदिवासियों की परंपरा, संस्कृति एवं स्वशासन व्यवस्था पर कुठाराघात किया जा रहा है। जनसंख्या को आधार बनाकर आदिवासियों को उनके संवैधानिक प्रतिनिधित्व से वंचित किया जा रहा है। मानगो नगर निकाय की कुल 36 सीटों में केवल 2 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित की गई हैं, जो आदिवासी समाज के प्रतिनिधित्व के लिहाज से अत्यंत नगण्य है।
उन्होंने आगे कहा कि सीएनटी एक्ट की भूमि पर अवैध रूप से बाहरी आबादी बसाई गई है, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में डेमोग्राफिक परिवर्तन हुआ है। आदिवासी समाज अपने अस्तित्व और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने को तैयार है। देश परगना बैजू मुर्मू ने आश्वासन दिया कि सामान्य कानून के तहत अनुसूचित क्षेत्र में चुनाव कराए जाने के मुद्दे पर वे शीघ्र पहल करेंगे और आदिवासियों के अस्तित्व एवं अधिकारों की रक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर संयुक्त ग्राम सभा संघर्ष समिति के अध्यक्ष मदन मोहन सोरेन, सचिव दीपक मुर्मू, कोषाध्यक्ष सनातन टुडू सहित डेमका सोय, सोमेश्वर मुर्मू, कैलाश बिरुआ, पप्पू सोरेन एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।





