बांउड़ी हाट में उमड़े ग्राहक, पटमदा बाजार में अतिरिक्त फोर्स की तैनाती से बेखौफ हुई खरीदारी
Patamda : झारखंड का सबसे बड़ा त्योहार टुसू एवं मकर संक्रांति को लेकर सोमवार को पटमदा बाजार में बांउड़ी हाट के मौके पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों की संख्या में लोग मुख्य सड़क के किनारे एवं बाजार के अंदर बने हाट शेड पर अपनी जरूरतों के सामनों के खरीदारी की। मुख्य रूप से कपड़े, जूते, तेल, गुड़ एवं सामग्रियों की दुकानों में खरीदारी खूब हुई। पूर्व के अनुभवों के आधार पर पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत ने सुरक्षा की चाक- चौबंद व्यवस्था की थी। भीड़भाड़ वाले जगहों पर पुलिस के जवानों एवं चौकीदारों की तैनाती करते हुए लोगों को बेखौफ होकर खरीद – बिक्री करने का मौका दिया। यही वजह है कि पहली बार साप्ताहिक हाट में चोरी एवं लूट जैसे कोई घटनाएं नहीं हुई।
हालांकि हाट के दौरान कुछ संदिग्ध लोग भी पहुंचे और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के प्रयास में थे लेकिन लगातार पुलिस की गश्त एवं जवानों की सक्रियता ने उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया। थाना प्रभारी के द्वारा लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर की गई व्यवस्था की प्रशंसा भी कर रहे हैं। क्योंकि इससे पूर्व कई घटनाएं बाहर से आने वाले गिरोहों के द्वारा की जाती रही है और उसमें खासकर गरीब वर्ग के लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है। पटमदा, बोड़ाम व कमलपुर थाना क्षेत्र समेत पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को ही मकर संक्रांति मनाई जाएगी और इससे पूर्व प्रत्येक परिवार हजारों की खरीदारी करते हैं। मकर स्नान के बाद प्रत्येक घरों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए नए वस्त्रों के परिधान की परंपरा है जिसे निभाने के लिए लोग हर संभव प्रयास करते हैं और सालभर से इस त्योहार का इंतजार रहता है।





