तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से तीन घायल, दो की हालत गंभीर


Patamda: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर 24 घंटे के अंदर लगातार दूसरी सड़क दुघर्टना हुई। बोड़ाम थाना क्षेत्र के हलुदबनी पुलिस कैंप के पास शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिली है। घायलों को एमजीएम अस्पताल भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार कार पर सवार एक ही परिवार के कई सदस्य जमशेदपुर से पटमदा की ओर लौट रहे थे जबकि बाइक सवार युवक असित महतो (18) एवं उसका साथी किशोर सुकदेव सिंह (16) एक ही बाइक पर सवार होकर बोंटा गांव स्थित अपने घर से तेज रफ्तार में डिमना की ओर जा रहे थे और अनियंत्रित होकर कार से उनकी बाइक टकरा गई। बताते हैं कि कार चालक द्वारा दोनों को बचाने का भरपूर प्रयास किया गया लेकिन तीखा मोड़ होने की वजह से कार से टकरा गई और बाइक कार के नीचे घुस गई। तेज रफ्तार के कारण कार ने बाइक को कई फीट तक घसीटा जिसके बाद अपने आप रुक गई। पुलिस ने दोनों ही वाहनों को जब्त कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल इस घटना में बोंटा गांव निवासी एक किशोर की मौत हो गई जबकि दूसरे घायल का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।












