गुड़ाबांदा: दुर्गापूजा के पावन अवसर पर विधायकों ने किए पंडालों के दर्शन, क्षेत्र की खुशहाली की कामना
Gurabanda (S.Kumar) शारदीय नवरात्र और दुर्गापूजा के पावन अवसर पर मंगलवार को गुड़ाबांदा प्रखंड क्षेत्र में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। क्षेत्र के विकास और जनता की सुख-समृद्धि की कामना के साथ बहरागोड़ा विधायक समीर महंती और घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा कर मां दुर्गा के चरणों में मत्था टेका।
इस दौरान विधायक सोमेश सोरेन ने गुड़ाबांदा और ज्वालकाटा के पूजा पंडालों में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, वहीं विधायक समीर महंती ने बालिजुड़ी, आकाशछिड़ा और कोईमा में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के कल्याण का आशीर्वाद मांगा। इस धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में झामुमो नेता कालिपद गोराई, असित मिश्रा, साकिला हेंब्रम के अलावा विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। पंडालों में पहुंचे विधायकों का समितियों द्वारा स्वागत किया गया और इस दौरान पूरा क्षेत्र मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा।












