चंद्रशेखर मिश्रा के निधन से समाज ने एक अनुभवी मार्गदर्शक खोया : विक्टर सोरेन
Jamshedpur : जमशेदपुर भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन पर झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन और केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाडंगी ने शोक जताया। दोनों नेता पार्टी के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ सिदगोड़ा स्थित स्वर्गीय मिश्रा के आवास पहुंचे और उनके अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। विक्टर सोरेन ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा आम लोगों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने वाले जननेता थे। अपने सामाजिक एवं राजनीतिक सरोकार, साफ छवि और स्पष्टवादिता के कारण वे हमेशा याद किए जाएंगे।
कुणाल षाडंगी ने कहा कि मिश्रा के निधन से समाज ने एक अनुभवी राजनीतिक एवं सामाजिक अभिभावक को खो दिया है। उनका हंसमुख और मिलनसार स्वभाव, विभिन्न विषयों पर गहरी पकड़ तथा जनकल्याण के प्रति समर्पण लोगों को सदैव याद रहेगा। इस दौरान झामुमो के बंटी सिंह, सुशील हेंब्रम, अभिषेक सिंह राजपूत समेत कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।












