कांकु गांव की समस्याओं को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और सड़क की बदहाली दूर करने की मांग
Patamda : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत ओड़िया पंचायत के कांकु गांव के ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर झारखंड के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्र होने के बावजूद गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि कांकु स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय कक्षा एक से आठ तक संचालित है, लेकिन विद्यालय भवन की स्थिति जर्जर है। विद्यालय में पर्याप्त कमरे नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने तत्काल विद्यालय भवन की मरम्मत अथवा नए भवन के निर्माण की मांग की है। साथ ही, विद्यालय में वर्तमान में मात्र तीन पारा शिक्षकों के भरोसे पठन-पाठन संचालित होने का हवाला देते हुए सरकारी शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने कांकु स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लंबे समय से बंद रहने की समस्या भी उठाई है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सुविधा के लिए ग्रामीणों को करीब 35 से 40 किलोमीटर दूर पटमदा प्रखंड मुख्यालय स्थित माचा स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता है। गंभीर परिस्थितियों में लोगों को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल तक जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को तत्काल चालू कर डॉक्टर और नर्स की नियुक्ति करने की मांग की है। ज्ञापन में गांव की जर्जर ग्रामीण सड़क का भी मुद्दा उठाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क की स्थिति बेहद खराब है और बारिश के दिनों में कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव तक पहुंचाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्राप्त गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके अलावा मनरेगा के तहत प्रस्तावित खेल मैदान निर्माण कार्य के लिए जमीन संबंधी एनओसी उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।ग्रामीणों ने राज्यपाल से सभी समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश देने की मांग की है, ताकि कांकु गांव के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का समुचित लाभ मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से सोमनाथ मुर्मू , शिशिर कुमार मुर्मू , परमेश्वर मुर्मू , श्याम सुंदर बेसरा, शिवनाथ बेसरा, शैलेश बेसरा, पशुपति महतो व अश्विनी महतो शामिल थे।








