बांड भरकर भी किया आदेश का उल्लंघन, कार्रवाई की संभावना बढ़ी, झारखंड सांस्कृतिक रक्षा कमेटी के अध्यक्ष समेत अन्य की भूमिका की हो रही जांच
बोड़ाम में एक व्यक्ति की मौत के बाद आयोजक का पता लगा रही पुलिस
Patamda : सोमवार को बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत जोबा फुटबॉल मैदान में काड़ा (भैंसा) लड़ाई एसडीओ के आदेश का उल्लंघन करते हुए आयोजित किया गया। ऐसा आरोप है। वहां हारते हुए एक भैंसे की चपेट में आने से लड़ाई देखने पहुंचे 55 वर्षीय सुभाष कर्मकार की मौत हो गई, जबकि उनके 21 वर्षीय बेटे सागर कर्मकार घायल हो गया। इस घटना के बाद पुलिस पर उठ रहे सवालों के बीच यह बातें उभर कर सामने आई है कि बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार द्वारा 25 सितंबर को झारखंड सांस्कृतिक रक्षा कमेटी के अध्यक्ष पूर्ण चन्द्र महतो (पेनादा) समेत 7 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने हेतु धालभूम एसडीओ को पत्र समर्पित किया गया था।
आरोपियों में कमेटी के सह कोषाध्यक्ष प्रह्लाद चन्द्र महतो (हलुदबनी), कार्यकारिणी सदस्य राकेश महतो (चुनीडीह), सदस्य कार्तिक मुदी (बांकादा), सदस्य संजय महतो (पोटकाडीह), कार्यकारिणी सदस्य सुनील महतो (चुनीडीह), सह कोषाध्यक्ष तपन महतो (नूतनडीह) के नाम शामिल हैं। इनके खिलाफ पशुओं को लड़ाने से विधि व्यवस्था की उत्पन्न होने आशंका के मददेनजर दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ, मकर संक्रांति, सोहराय व टुसू पर्व, सरहुल के अलावा होली में अवैध रूप से मेला लगाकर विवाद उत्पन्न करने की आशंका जताई गई थी।
आगामी त्योहारों को लेकर द्वितीय पक्ष के विरुद्ध धारा-126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने की अनुशंसा की गई थी। अनुशंसा पत्र में बताया गया था कि 23 एवं 24 सितंबर को आसूचना संकलन में यह बात प्रकाश में आयी कि पूर्णचन्द्र महतो की अध्यक्षता में बोड़ाम थाना क्षेत्र अन्तर्गत चुनीडीह फुटबॉल मैदान में बीते 22 सितंबर को पटमदा, कमलपुर, चंदनकियारी, एमजीएम एवं बोड़ाम थाना क्षेत्रों के लोगों को इकट्ठा कर झारखंड सांस्कृतिक रक्षा कमेटी का गठन किया गया है। उनका मुख्य उदेश्य दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ, मकर संक्रांति, सोहराय टुसू, सरहुल एवं होली त्योहार के अवसर पर जगह बदल-बदल कर थाना क्षेत्र में मेला का आयोजन कर मुर्गापाड़ा, काड़ा (भैसा) एवं अन्य पशुओं को लड़ा कर सट्टा लगाकर अवैध रूप से पैसा कमाना है। यह भी बात प्रकाश में आयी है कि प्रशासनिक अधिकारी अगर इस कार्यक्रम को रोकने का प्रयास करेंगे तो उसे चुनौती देने का निर्णय लिया गया है। इसलिए बोड़ाम थाना अन्तर्गत अवैध रूप से कार्यक्रम आयोजित किये जाने से विधि व्यवस्था भंग होने की स्थिति में जटिल समस्या उत्पन्न होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
इसके आलोक में बोड़ाम थाना में एक सनहा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी ने थाना क्षेत्र में विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कार्रवाई का आग्रह किया था। इसके आलोक में सभी सातों आरोपियों ने 10-10 हजार रुपए का बांड भरवाया गया। बांड भरने वालों ने क्षेत्र में किसी तरह का आयोजन नहीं करने का वचन दिया था। इसके बावजूद उनके द्वारा जोबा गांव में सोमवार को आयोजन हुआ, जिसके कारण इन सभी के खिलाफ कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है। मंगलवार को बोड़ाम पुलिस ने दुबारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और ग्रामीणों से आयोजक के बारे में पता लगाया गया। हालांकि देर शाम तक कोई सुराग हाथ लगने की सूचना नहीं मिली।





