कांकीडीह मेला में मोहनपुर सबर टुसू दल को मिला पहला पुरस्कार
Patamda : पटमदा प्रखंड की कुमीर पंचायत अंतर्गत कांकीडीह महुलतल में हर साल की भांति इस साल भी दो दिवसीय टुसू मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को हुआ। पहले दिन पटमदा, बोड़ाम व पश्चिम बंगाल से आए हुए हजारों लोगों ने देर शाम तक मेला का आनंद लिया। मेले में ढोल नगाड़े की थाप पर महिलाओं ने देर शाम तक जमकर नृत्य की, जो दर्शकों के बीच आकर्षक का केंद्र बना रहा। टुसू मेला में पहला पुरस्कार मोहनपुर सबर टुसू दल को 7 हजार, द्वितीय पुरस्कार कोलाबनी टुसू दल को साढ़े पांच हजार व तृतीय पुरस्कार काशीडीह टुसू दल को 4 हजार रुपए देकर पुरस्कृत किया गया।
दोपहर में हांडी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को भी कमेटी की ओर से पुरस्कृत किया गया। शाम 6 बजे से डांस धमाका, 8 बजे से झुमुर संगीत एवं रात्रि 10 बजे से छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में पटमदा के जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, मुखिया दीपक कोड़ा, कमेटी के सदस्य सागेन बेसरा, भास्कर माहली, महेश्वर बेसरा, अमर सोरेन, बलहरि बेसरा, जितुलाल मुर्मू, खगेंद्र नाथ हेंब्रम, बुद्धेश्वर हेंब्रम, राजा माहली, सागुन बेसरा व निर्मल महतो आदि उपस्थित थे।





