गोपालपुर किंग्स को 16 रन से हराकर चन्दना इलेवन ने जीता फ्रीडम फाइटर कप
Patamda : बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत रसिकनगर के नव-निर्मित क्रिकेट मैदान में आयोजित वर्ष 2026 के फ्रीडम फाइटर कप पर चन्दना इलेवन ने कब्जा जमा लिया। तीन दिवसीय इस क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को गोपालपुर किंग्स और चन्दना इलेवन के बीच खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए चन्दना इलेवन ने 8 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। टीम की ओर से ओपनर बल्लेबाज केशव गोप ने 61 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि अनूप महांती ने 26 रनों का योगदान दिया। गोपालपुर किंग्स की ओर से गेंदबाजी में कपिल मिश्रा और अभिजीत दत्ता ने 2-2 विकेट लिए, वहीं अभय को एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोपालपुर किंग्स की टीम 8 ओवर में 8 विकेट खोकर 118 रन ही बना सकी। टीम के लिए ओपनर महेश्वर दास ने 37 रन, गौतम कैबर्त ने 28 रन और कपिल मिश्रा ने 26 रनों की पारी खेली। चन्दना इलेवन की ओर से गेंदबाजी में माणिक गोप ने 3 विकेट लिए, जबकि पार्थ गोप और संजय महतो ने 2-2 विकेट चटकाए।
इस तरह चन्दना इलेवन ने 16 रन से जीत दर्ज करते हुए फ्रीडम फाइटर कप का खिताब अपने नाम कर लिया। एलिमिनेटर मुकाबले में शतक जड़ने के साथ-साथ पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजी और गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन के लिए गोपालपुर किंग्स के ऑलराउंडर कपिल मिश्रा को मैन ऑफ द सीरीज और फाइनल मैच का मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में सर्वाधिक 236 रन बनाने के लिए केशव गोप को बेस्ट बैट्समैन जबकि 13 विकेट लेने के लिए रजनीकांत सिंह को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया। सभी विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
रसिकनगर क्रिकेट टीम द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को 21 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 17 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई। समापन समारोह में रसिकनगर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सनातन लाया मुख्य अतिथि तथा बंकबिहारी महांती विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। आयोजन को सफल बनाने में विकास, सुभाशीष, विधान, आकाश, रोहित दास, स्वरूप, राकेश, सुजल सहित अंपायर देव कुमार, सचिन और अमित का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





