मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की लाभार्थियों को 20 हजार का बैंक लोन भी
Ranchi : झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। अब मईयां सम्मान योजना के सभी लाभान्वितों को बैंकों के माध्यम से 20,000 रुपए का लोन मिलेगा। इस तरह अब 2500 रुपए हर महीने पाने वाली महिलाओं को सरकार ने 20 हजार रुपए लोन देने का ऐलान किया है। वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने शनिवार को राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति भारतीय रिजर्व बैंक और नाबार्ड के साथ बैठक में यह घोषणा की। बैठक में बैंकर्स ने लोन को लेकर सहमति जताई है।
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा इसे अगले बजट में शामिल किया जाएगा। 2024 में हुए विधानसभा चुनावों से पहले झामुमो ने बड़ा वादा किया था। इसके बाद विधानसभा चुनावों के नतीजे आए तो झामुमो ने अच्छा प्रदर्शन किया और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई। सरकार बनने के बाद सीएम सोरेन ने वादा निभाते हुए महिलाओं के खातों में 2500 रुपए हर महीने भेजना भी शुरू कर दिया। अब सरकार ने बैंकों के साथ मिलकर मंईयां सम्मान योजना की लाभार्थियों को 20 हजार रुपए का लोन देने का भी ऐलान किया है। बता दें कि हेमंत सोरेन सरकार द्वारा मिलने वाली मंईयां सम्मान योजना विवादों में भी रही है। इस योजना में कई गड़बड़ियां भी सामने आई हैं। कई मामलों में इस योजना का लाभ पुरुष भी लेते हुए पकड़े गए, जिसके बाद उनपर कार्रवाई की गई है। कई महिलाओं की शिकायत है कि उन्हें इस योजना का पैसा नहीं मिल पा रहा है। सरकार के इस निर्णय से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिल सकती है।






























