एक शिक्षक के भरोसे दांदुडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय, जेएलकेएम नेता सुब्रत महतो ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
Patamda: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो ने पटमदा प्रखंड अंतर्गत दांदुडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। इस पत्र की प्रतिलिपि पूर्वी सिंहभूम जिला के उपायुक्त, जिला शिक्षा अधीक्षक तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी सौंप दी गई है।
सुब्रत महतो ने बताया कि दांदुडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाएं संचालित होती हैं, लेकिन वर्तमान में विद्यालय में केवल एक ही शिक्षक पदस्थापित हैं। कक्षा 1 से 5 तक 46 तथा 6 से 8 तक 26 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। एक ही शिक्षक के भरोसे सभी कक्षाओं की पढ़ाई होने से बच्चों की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा अभिभावकों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आग्रह किया है कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय में यथाशीघ्र पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। सुब्रत महतो ने बताया कि ग्रामीणों एवं अभिभावकों की लंबे समय से यह मांग रही है और सरकार को बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में त्वरित कदम उठाना चाहिए।






























