राधा नाम के जयघोष से गूंजा कुईयानी, नवकुंज महायज्ञ में उमड़ी श्रद्धालुओं की अपार भीड़
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के कुईयानी पंचायत मंडप के समीप मैदान में बोड़ाम आंचलिक नवकुंज कमेटी के तत्वावधान में 23 फरवरी से आयोजित श्री श्री राधा नाम नवकुंज महायज्ञ में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। महायज्ञ स्थल पर प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। पटमदा, बोड़ाम, नीमडीह, चांडिल समेत पश्चिम बंगाल के बराबाजार और बांदोवान क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारपहिया और दोपहिया वाहनों से परिवार सहित पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु राधानाम संकीर्तन का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं।
आयोजक कमेटी द्वारा बनाए गए नौ नवकुंजों में राधा-कृष्ण की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। पूरे परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कमेटी के अध्यक्ष निधिराम सिंह ने बताया कि महायज्ञ 23 फरवरी से प्रारंभ होकर 4 मार्च को धूलौट के साथ संपन्न होगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण भी किया जा रहा है।
पहली बार आयोजित हो रहे इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के दर्जनों लोग तन-मन से जुटे हुए हैं। राधा नाम के निरंतर जयघोष से पूरा इलाका भक्तिरस में सराबोर हो गया है। महायज्ञ के सफल संचालन में कमेटी के अध्यक्ष निधिराम सिंह के साथ आदित्य महतो, भक्तिपद बाबाजी, निर्मल सिंह, बनमाली बनर्जी, हरेंद्र चंद्र महतो, राजेंद्र सोरेन, माधव चंद्र महतो, बुद्धेश्वर सिंह, चित्तरंजन मंडल, मनबोध सिंह सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।






























