बनमाकड़ी अस्पताल पहुंचे डीसी कर्ण सत्यार्थी, मरीजों और महिलाओं से सीधे संवाद कर जानी जमीनी हकीकत, दिया सुधार का भरोसा

Gurabanda: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को गुड़ाबांदा स्थित मेसो द्वारा संचालित कल्याण अस्पताल, बनमाकड़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति परखने का प्रयास किया। उपायुक्त ने अस्पताल में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच की और वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से पूछा कि क्या डॉक्टर समय पर उपलब्ध रहते हैं, आवश्यक दवाइयां और जांच सुविधाएं नियमित रूप से मिल रही हैं या नहीं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मेडिसिन स्टोर, नर्सिंग स्टेशन और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या पर्याप्त है, लेकिन उनकी नियमित उपस्थिति में कमी पाई गई है। साथ ही उपलब्ध संसाधनों का भी समुचित उपयोग नहीं हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कमियों को जल्द दूर करते हुए अस्पताल की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी बनमाकड़ी मुख्य सड़क किनारे ग्रामीण महिलाओं के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान महिलाओं ने पेयजल, आवास और पेंशन से जुड़ी परेशानियों को खुलकर रखा। उपायुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें सूचीबद्ध किया और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में हाथियों के बढ़ते मूवमेंट को लेकर भी चिंता जताई। इस पर उपायुक्त ने कहा कि वन विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि इस समस्या का प्रभावी समाधान किया जा सके। इस अवसर पर बीडीओ सह सीओ डांगुर कोड़ाह, एमओ नरेश मंडल, प्रभारी कल्याण पदाधिकारी अंकित मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।






























