जमशेदपुर: प्रतिमा महतो के ‘डॉक्टर’ बनने के सपने को मिला संबल, करियर काउंसलिंग आयोजित
Jamshedpur: ग्रामीण प्रतिभाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को जमशेदपुर प्रखंड के इंदुरमाटी प्राथमिक विद्यालय में करियर काउंसलिंग एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन निशुल्क कोचिंग चलाने वाले टैलेंट सर्च एकेडमी के अध्यक्ष हाराधन महतो और पूर्व प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश चौबे के संयुक्त प्रयासों से किया गया। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण मेधावी छात्रा प्रतिमा महतो रहीं, जिन्होंने पीएम श्री नवोदय विद्यालय से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी कर अब चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के लिए नीट की तैयारी शुरू की है।
कार्यक्रम में हाराधन महतो ने छात्रा और उनके अभिभावकों को परीक्षा की प्रभावी रणनीति, कठिन विषयों की तैयारी और आत्मविश्वास बनाए रखने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। साथ ही, एकेडमी की ओर से प्रतिमा को नीट की तैयारी हेतु जरूरी पाठ्य सामग्री और पुस्तकें भी प्रदान की गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मुखिया दुर्लभ बेसरा ने की। इस दौरान मुखिया चम्पा माझी बेसरा, ग्राम प्रधान धना राम बेसरा, नमिता महतो, सलमा किस्कू, बाबूलाल किस्कू एवं सोनामनी मुर्मू समेत गांव के कई प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की। इस मौके पर हाराधन महतो ने कहा, हमारा लक्ष्य है कि संसाधनों की कमी किसी भी ग्रामीण प्रतिभा के रास्ते में बाधा न बने। नवोदय से लेकर मेडिकल कॉलेज तक के सफर में हम प्रतिमा के साथ हैं।






























