हजारीबाग घटना पर माफी मांगे भाजपा : झामुमो नेता विक्टर सोरेन का तीखा हमला
Patamda: हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 13 वर्षीय बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना को लेकर झामुमो नेता विक्टर सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को पटमदा में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि इस अमानवीय घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर दिया है और इसकी जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। विक्टर सोरेन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “बेटी बचाओ” का नारा देने वाली पार्टी का असली चेहरा अब उजागर हो चुका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले का मुख्य आरोपी भाजपा से जुड़ा हुआ था, जो पार्टी के दोहरे चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि भाजपा इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए झारखंड की जनता और पीड़ित परिवार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। साथ ही, उन्होंने इसे राज्य सरकार की छवि खराब करने की साजिश करार देते हुए कहा कि भाजपा संवेदनशील मुद्दों का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करती रही है। विक्टर सोरेन ने सभी दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की मांग की। उन्होंने कहा कि झामुमो पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस मौके पर पटमदा के विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, पंसस सह झामुमो नेता सुधीर हांसदा, सुशील बेसरा, लम्बोदर टुडू, जगदीश महतो और सिजेन हेंब्रम समेत कई स्थानीय नेता उपस्थित थे।






























