बारिश की मार से किसान परेशान, मशीन के इंतजार में खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पर संकट
Patamda: क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी आंधी-बारिश और आगामी दिनों में भी वर्षा की संभावना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पटमदा एवं बोड़ाम के किसान अपनी तैयार गेहूं की फसल को सुरक्षित घर तक लाने के लिए जूझ रहे हैं। खेतों में फसल पूरी तरह पककर तैयार है, लेकिन कटाई में हो रही देरी अब नुकसान का कारण बनती जा रही है।
मजदूरों की कमी के कारण किसान मशीनों पर निर्भर हो गए हैं, लेकिन स्थिति यह है कि एक मशीन के लिए कई गांवों के दर्जनों किसान कतार में हैं। मशीन का नंबर पाने के लिए किसान लगातार उसके मालिक की तलाश में भटक रहे हैं। कई बार बारिश के खतरे को देखते हुए किसान और मशीन मालिकों के बीच बहस की स्थिति भी बन जा रही है। मशीन मालिक भी अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहे हैं। एक मशीन को दिन-रात मिलाकर करीब 18 घंटे तक चलाया जा रहा है, बावजूद इसके सभी किसानों की फसल समय पर नहीं कट पा रही है।
मंगलवार को बड़ा सुसनी गांव के किसान विश्वरूप मिश्रा, धरणी मिश्रा, राकेश मिश्रा, अनिमेष मिश्रा, लक्ष्मी मिश्रा, मनसाराम मिश्रा, सुमित मिश्रा, छुटुलाल मिश्रा और बाबलू मिश्रा आदि ने बताया कि वे पिछले एक सप्ताह से कमलपुर के मशीन कॉन्ट्रैक्टर सुखेन महतो और अजय महतो से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी बारी नहीं आ पाई है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द कटाई नहीं हुई, तो लगातार हो रही बारिश से गेहूं की फसल को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे में किसानों की निगाहें अब आसमान और मशीन दोनों पर टिकी हुई हैं। किसानों के अनुसार मशीन से कटाई मजदूरों से कटाई की तुलना में सस्ता भी पड़ता है।






























