तूफान से खंभे टूटने व ट्रांसफॉर्मर खराब होने से ठप हुई बिजली, बहाल होने से ग्रामीणों में खुशी

Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत बिड़रा टोला डांगा में शनिवार को आंधी-तूफान के दौरान अचानक 2 खंभे टूटने एवं ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से गांव में पूरी तरह बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इससे गांव के लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने तत्काल इस समस्या की जानकारी उप मुखिया गोपाल गोराई को दी। सूचना मिलते ही उन्होंने सक्रियता दिखाते हुए बिजली विभाग के कनीय अभियंता से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।
बिजली विभाग ने भी तत्परता दिखाते हुए सोमवार से लगातार काम करते हुए मंगलवार को नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध करा दिया। विभाग के कर्मी बासु महतो, शंकर माझी और भोजू गोप ने भीषण गर्मी के बावजूद लगातार मेहनत कर ट्रांसफार्मर स्थापित किया, जिससे गांव में बिजली आपूर्ति फिर से सुचारु हो गई। इस त्वरित कार्रवाई के लिए बिड़रा ग्राम के सभी ग्रामीणों ने बिजली विभाग और संबंधित कर्मियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

