पटमदा के लावा में प्रार्थना सभा के दौरान छठी कक्षा की छात्रा बेहोश
Patamda: प्रखंड के लावा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में गुरुवार सुबह एक चिंताजनक घटना सामने आई, जब कक्षा 6 की छात्रा संतोषी सिंह प्रार्थना सभा के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना सुबह करीब सवा 7 बजे की है, जिससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को तुरंत माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों की देखरेख में करीब तीन घंटे बाद छात्रा को होश आया और सुबह साढ़े 11 बजे तक उसकी स्थिति में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बताया जाता है कि संतोषी सिंह सिसदा गांव निवासी कुश सिंह की पुत्री है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और बच्ची की स्थिति की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार, छात्रा के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और रोज सुबह काम के लिए घर से निकल जाते हैं। हाल के दिनों में विद्यालय में मॉर्निंग स्कूल चलने के कारण बच्ची अक्सर बिना कुछ खाए ही स्कूल चली जाती थी। खाली पेट होने के कारण ही वह प्रार्थना सभा के दौरान बेहोश हो गई। चिकित्सकों ने बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। वहीं, विद्यालय प्रबंधन को भी बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गई है।






























