Patamda: टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी टोला बड़डीह में मंगलवार रात हुई भीषण सड़क दुर्घटना के विरोध में बुधवार शाम स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शाम करीब साढ़े 4 बजे घटनास्थल पर दोनों शव रखकर सड़क जाम कर दिया।
Advertisements
जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग जरूरी काम के लिए वैकल्पिक मार्गों (बाईपास) का सहारा लेते नजर आए। शाम करीब साढ़े 6 बजे तक प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और परिजनों के बीच वार्ता जारी रही। स्थानीय लोग मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े हुए हैं और वाहन मालिक को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। मौके पर पटमदा के अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास, थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता, सीआई अजय कुमार मुंडा समेत प्रशासनिक टीम और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। स्थिति को नियंत्रित करने और समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं।