लिखित आश्वासन के बाद माने लोग, 6 घंटे बाद खुला सड़क जाम
पटमदा के बामनी टोला बड़डीह में सैकड़ों लोगों ने सड़क दुघर्टना के विरोध में किया जाम
Patamda: टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर मंगलवार को हुई दर्दनाक दुर्घटना में दो युवकों की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार शाम करीब 4 बजे बामनी टोला बड़डीह में सड़क जाम कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को घटनास्थल पर रखकर सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और वाहन मालिक को मौके पर बुलाने के साथ-साथ मृतकों के परिजनों को 10–10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम, जिसमें अंचल निरीक्षक अजय कुमार मुंडा और पटमदा, कमलपुर व बोड़ाम थाना की पुलिस शामिल थी, ने जाम हटाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, कालीपद महतो, मुखिया कानूराम बेसरा, ग्राम प्रधान खगेंद्र नाथ टुडू, जीतुलाल मुर्मू और समाजसेवी शरत सिंह सरदार समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों के समर्थन में प्रशासन के साथ वार्ता की। करीब छह घंटे तक चले गतिरोध के बाद रात लगभग 10 बजे पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता द्वारा लिखित आश्वासन दिया गया कि 18 अप्रैल को थाना में ट्रैक्टर मालिक के साथ बैठक कर अधिकतम मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं अंचलाधिकारी ने तत्काल दोनों पीड़ित परिवारों को 21–21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी और राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली 2–2 लाख रुपये की मुआवजा राशि एक महीने के भीतर दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर शवों को उठाने दिया।
जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। एंबुलेंस को छोड़ किसी भी वाहन को गुजरने नहीं दिया जा रहा था, यहां तक कि बाइक सवारों को भी रोका गया। आसपास की बाईपास सड़कों पर भी बैरियर लगा दिए गए थे, जिससे लंबी दूरी के वाहनों को लगभग 20 किलोमीटर अतिरिक्त रास्ता तय कर भुइयांसिनान होते हुए भूला मोड़ से गुजरना पड़ा। इसका सबसे ज्यादा असर दिहाड़ी मजदूरों और आम यात्रियों पर पड़ा। हालांकि बामनी मोड़ की दुकानों के खुले रहने से लोगों को चाय-पानी की सुविधा मिलती रही। गौरतलब है कि मंगलवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र के मालती लोवाडीह निवासी सुमित सिंह सरदार और पटमदा के धूसरा टोला पांचियाडीह निवासी सुखदेव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी।






























