सड़क हादसे में मृत युवकों को मुआवजा दिलाने की मांग पर प्रखंड कार्यालय पहुंचे भाजपा नेता
Patamda: बुधवार को प्रखंड कार्यालय पटमदा में भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात करने का प्रयास किया। प्रतिनिधिमंडल का मुख्य उद्देश्य मंगलवार को हुई सड़क दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत के मामले में पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के तहत शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग करना था। हालांकि, कार्यालय पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल को निराशा हाथ लगी, क्योंकि न तो प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे और न ही अंचल अधिकारी कार्यालय में मौजूद थे। इस संबंध में जब प्रखंड के प्रधान सहायक से जानकारी ली गई, तो उन्होंने बताया कि दोनों अधिकारी अवकाश पर हैं। साथ ही कोई सक्षम पदाधिकारी भी वहां मौजूद नहीं था, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
भाजपा नेताओं ने इसे आम जनता के प्रति प्रशासन की असंवेदनशीलता बताते हुए कहा कि घटना के बाद अब तक कोई भी पदाधिकारी पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं पहुंचा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मृतकों के परिजनों को अविलंब मुआवजा दिया जाए तथा दुर्घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो भारतीय जनता पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इसके साथ ही प्रखंड कार्यालय में चल रहे कथित भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगाने की बात कही गई। इस प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष प्रदीप महतो, जिला मंत्री मुचीराम बाउरी, संदीप मिश्रा, महावीर महतो, मंडल अध्यक्ष मधुसूदन महतो, शांतनु मुखर्जी, शरत सिंह सरदार एवं प्रभास महाली सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।






























