मतवाले भैंसे ने मालिक को ही बना डाला शिकार, पटमदा में दर्दनाक मौत
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में बुधवार शाम करीब 7 बजे एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक भैंसे ने अपने ही मालिक की जान ले ली। मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय पशुपालक युगल महतो के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, युगल महतो रोज की तरह बुधवार शाम करीब 6 बजे अपने दोनों भैंसों को चराने के लिए घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एकाशिया बागान के पास ले गए थे। इसी दौरान अचानक एक भैंसा उग्र हो गया और उसने युगल महतो पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि कमर दर्द के कारण युगल महतो बेल्ट पहने हुए थे, जिसमें भैंसे का सींग फंस गया। इसके बाद भैंसा उन्हें लगातार पटकता रहा, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय पास के तालाब किनारे मौजूद कुछ लोग जब उनकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे, तो भैंसे ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की। काफी देर तक भैंसा शव के पास ही खड़ा रहा, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और किसी तरह शव को घर लाया गया। हालांकि, भैंसे को काबू में करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान उसने एक अन्य व्यक्ति को भी घायल कर दिया। देर रात युगल महतो का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, गुरुवार सुबह उस हमलावर भैंसे को पकड़कर लायाडीह साप्ताहिक हाट में एक लाख रुपये में बेच दिया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। खासकर पशुपालकों, विशेषकर भैंसा पालने वालों में दहशत देखी जा रही है।






























