पटमदा में 19 अप्रैल को विराट सरना सनातन हिन्दू सम्मेलन, तैयारियां जोरों पर
Patamda: राष्ट्र जागरण सम्मेलन समिति, पटमदा-बोड़ाम की ओर से 19 अप्रैल को पटमदा स्थित साउथ प्वाइंट स्कूल परिसर में विराट सरना सनातन हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और आयोजन समिति सक्रिय रूप से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है।
इस संबंध में समिति के अध्यक्ष बेलू सिंह एवं उपाध्यक्ष शरत सिंह सरदार ने बताया कि यह सम्मेलन सनातन समाज में जागरण, एकता और सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सरना सनातन धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रतीक इस सम्मेलन में व्यापक भागीदारी की उम्मीद है। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसके पश्चात नवकुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही करम नृत्य, सरहुल नृत्य और भूआंग नृत्य जैसे पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिवानंद दास वैरागी की उपस्थिति प्रस्तावित है, जिनके मार्गदर्शन से कार्यक्रम को विशेष महत्व मिलने की संभावना है।






























