झारखंड आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री से लगाई सम्मान और पेंशन की गुहार
Patamda : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा और बोड़ाम प्रखंड के चिन्हित झारखंड आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन भेजकर आंदोलनकारियों को सम्मान और पेंशन देने की मांग उठाई है। आंदोलनकारियों ने कहा कि झारखंड राज्य गठन के 25 वर्ष बीत जाने के बावजूद कई चिन्हित आंदोलनकारियों को अब तक सम्मान पत्र और उचित पेंशन राशि नहीं मिल पाई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कई आंदोलनकारियों का निधन हो चुका है, जबकि अनेक लोग गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। ऐसे में सरकार को चिन्हित झारखंड आंदोलनकारियों के लिए जेल जाने की अनिवार्यता समाप्त कर सभी को सम्मानपूर्वक पेंशन देने की व्यवस्था करनी चाहिए। आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जल्द से जल्द प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान पत्र वितरित किया जाए, ताकि आंदोलनकारियों को उनके योगदान का उचित सम्मान मिल सके। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने राज्य गठन के लिए संघर्ष किया था और आज भी राज्यहित में सरकार के साथ खड़े हैं।
ज्ञापन की प्रतिलिपि झारखंड मुक्ति मोर्चा केंद्रीय समिति, जिला समिति, 20 सूत्री उपाध्यक्ष तथा जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक को भी भेजी गई है। मांग पत्र में दुर्योधन महतो, अजीत महतो, प्रणव रंजन महतो, आनंद मोय महतो, मनबोध चंद्र महतो समेत 100 से अधिक आंदोलनकारियों के हस्ताक्षर शामिल हैं।


