तीन दिवसीय समर कैंप का रंगारंग समापन, छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
Patamda: पटमदा स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप का रंगारंग समापन हुआ। समापन दिवस पर विद्यालय परिसर बच्चों की ऊर्जा, उत्साह और रचनात्मक प्रस्तुतियों से जीवंत नजर आया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यक्तित्व विकास एवं पारंपरिक खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंतिम दिन जुम्बा व्यायाम, कंचे, गिल्ली-डंडा, पिट्टू, भाषण और क्षेत्रीय लोकनृत्य जैसे कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे।
प्रधानाध्यापिका डॉ. प्रियंका ने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं हिन्दी शिक्षिका पूनम कुमारी ने क्षेत्रीय भाषा संरक्षण पर जोर दिया। अलका कुमारी ने क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। समापन अवसर पर उप मुखिया गोपाल गोराई ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।


