आंदोलनकारियों के मान-सम्मान व अधिकारों को लेकर उपायुक्त से मिला प्रतिनिधिमंडल, शीघ्र सम्मान पत्र वितरण का आश्वासन
झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण : पुष्कर महतो
Jamshedpur : झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में शुक्रवार को जुबली पार्क मैदान में बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड आंदोलनकारियों को राजकीय मान-सम्मान, अलग पहचान, रोजी-रोजगार, नियोजन की गारंटी तथा जेल जाने की बाध्यता समाप्त कर सभी आंदोलनकारियों को 50-50 हजार रुपये सम्मान पेंशन देने की मांग उठाई गई।
बैठक के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर जिले के अधिसूचित 2900 आंदोलनकारियों के बीच सरकार के निर्देशानुसार सम्मान पत्र वितरण की मांग की। उपायुक्त ने अब तक छूटे आंदोलनकारियों की विवरणी लेते हुए शीघ्र प्रमाण पत्र वितरण कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष विश्वजीत प्रमाणिक ने की। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि “अबुआ सरकार” में संघर्ष और शहादत देने वाले आंदोलनकारियों को सम्मान नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी हजारों आंदोलनकारियों के परिवार उपेक्षित हैं और गुमनामी की जिंदगी जीने को विवश हैं।
पुष्कर महतो ने घोषणा की कि आंदोलनकारियों के सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई को लेकर 10 जून 2026 को मुख्यमंत्री आवास घेराव, प्रदर्शन और आमरण अनशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि राज्यभर से लगभग 25 हजार आंदोलनकारी इसमें शामिल होंगे। इसकी लिखित सूचना मुख्यमंत्री, राज्यपाल और जिला प्रशासन को दे दी गई है।
बैठक में राघवेंद्र, मिहिर कुमार तिवारी, सुभाष सिंह, शरत चंद्र महतो, सुनील महतो, शरत बनर्जी, सहदेव बनर्जी, छुटुलाल महतो, विपिन प्रमाणिक, तपन कुमार महतो, अदालत महतो, अमूल्य कुंभकार, दुलाल कुंभकार, शंकर महतो, खगेंद्र मिश्रा, रविकांत गोराई, लक्ष्मीकांत गोराई, निर्मल मोदक, सीताराम महतो, तिलक महतो, सुधांशु महांती, प्रेम प्रमाणिक, लालटू महतो, हृदय रंजन महतो, किशोर, ईश्वर साय, श्रावण कुमार महतो, ललित कुमार महतो, नसीरुद्दीन अंसारी, कयूम खान, सीताराम कुम्हार, भजोहरि महतो, जिहाद महतो सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी उपस्थित थे।
बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष शिबू काली माईती के पुत्र तपन गोपाल माईती के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


