बकरीद पर्व को लेकर कमलपुर थाना में शांति समिति की बैठक
Patamda: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को कमलपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पटमदा के अंचलाधिकारी (सीओ) डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने की। बैठक में सीओ डॉ. दास ने कहा कि बकरीद का त्योहार प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।
थाना प्रभारी अशोक कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें। उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल सीमा से सटे एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। जिला पार्षद खोगेन चंद्र महतो ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि वाहन चालक हेलमेट का उपयोग करें, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं तथा नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए न दें। बैठक में बगला किंकर मिश्र, ओम प्रकाश केडिया, मदन मोहन महतो, विश्वनाथ माझी, गुरुचरण हेंब्रम, गोपाल गोराई, निर्मल रजक, संजय सिंह, साजिद अंसारी, नईम अंसारी, नाजीबुल अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।



