बोड़ाम के पंचायत सचिव सुजीत कुमार का हार्ट अटैक से निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
Patamda: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत मुकरुडीह पंचायत के पंचायत सचिव सुजीत कुमार (30) का शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। करीब दो वर्ष पूर्व पंचायत सचिव के रूप में नियुक्त हुए सुजीत कुमार के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही सहकर्मियों एवं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बोड़ाम बीडीओ किकू महतो ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सूचना मिलते ही वे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि गुरुवार से ही सुजीत कुमार को छाती में दर्द की शिकायत थी, लेकिन उन्होंने इसे गैस की समस्या समझकर दवा ली थी। शुक्रवार को खाली पेट रहने और दवा लेने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
मुकरुडीह पंचायत की मुखिया बिनता हांसदा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सुजीत कुमार बेहद मिलनसार, कर्मठ और जिम्मेदार व्यक्ति थे। वे पंचायत मंडप में रहकर पूरी निष्ठा के साथ पंचायत के कार्यों का संचालन करते थे। शुक्रवार सुबह भी वे मॉर्निंग वॉक के बाद पंचायत कार्यालय में अपने नियमित कार्यों में जुटे हुए थे। लेकिन गैस की समस्या बताते हुए साथियों से दवा मंगाकर सेवन किए थे। उनके अचानक निधन की खबर से पंचायत क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। मुखिया ने बताया कि आम लोगों के प्रति उनका व्यवहार काफी अच्छा था, जिसके कारण वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। परिजनों के अनुसार, सुजीत कुमार पांच भाई-बहनों में मझले थे। उनके एक भाई पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जबकि दूसरे भाई होमगार्ड जवान हैं। उनके पिता भी हाल ही में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। वह अविवाहित थे।

