बराभूम-बांदोवान मुख्य सड़क पर सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत
Patamda: शनिवार सुबह करीब 7 बजे बराभूम-बांदोवान मुख्य सड़क पर पश्चिम बंगाल के बामनीडीह मौजा के समीप हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा झारखंड सीमा से महज 100 फीट की दूरी पर हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, काटिन से बराबाजार की ओर पोल्ट्री मुर्गियों से लदी एक पिकअप वैन जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर पिकअप वैन से टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा। हेलमेट पहनने के बावजूद युवक के सिर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान पुरुलिया जिले के बराबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़सा गांव निवासी शिशिर महतो (32) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

