लंबोदर हांसदा दुर्घटना मामले में न्याय की मांग को लेकर 6 जून को बोड़ाम थाना के समक्ष धरना देगा जेएलकेएम
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटिमाकली में टाटा -पटमदा मुख्य सड़क पर दुर्घटना में 47 वर्षीय लंबोदर हांसदा गंभीर हालत में टीएमएच में भर्ती है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने विनोद स्वांसी के नेतृत्व में शुक्रवार को जिले के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए दुर्घटना मामले में न्याय, मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर 6 जून को बोड़ाम थाना के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है। इस संबंध में पार्टी के केंद्रीय संगठन सचिव एवं जुगसलाई विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विनोद स्वांसी ने उपायुक्त राजीव रंजन को पत्र सौंपकर कार्यक्रम की सूचना दी है।
पत्र में बताया गया है कि बोड़ाम थाना क्षेत्र के बोंटा पंचायत अंतर्गत कुटीमाकली गांव निवासी 47 वर्षीय लंबोदर हांसदा 23 मई 2026 को एक गंभीर सड़क दुर्घटना के शिकार हुए थे। आरोप है कि दुर्घटना के बाद अब तक पीड़ित परिवार को उचित न्याय, पर्याप्त मुआवजा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं मिली है। साथ ही बोड़ाम थाना की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। जेएलकेएम ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए, दुर्घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों तथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और प्रभावित परिवार के पुनर्वास एवं सहायता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विनोद स्वांसी ने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाता है तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 6 जून को बोड़ाम थाना के समक्ष होने वाला धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और इसका उद्देश्य प्रशासन का ध्यान पीड़ित परिवार की समस्याओं की ओर आकर्षित करना है। इस पत्र की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) तथा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी ग्रामीण) पूर्वी सिंहभूम को भी दी गई है। मौके पर मुख्य रूप से वार्ड सदस्य विनोद सिंह, सोम मार्डी, टोटा मार्डी, भोला मार्डी, बासु हांसदा, पियारी मार्डी, कोकिला सिंह, पानमोनी हांसदा एवं उमेश चंद्र महतो समेत काफी संख्या में लोग शामिल थे।


