विश्व पर्यावरण दिवस पर बोड़ाम के कोदोगोड़ा में हुआ पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Patamda: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से बोड़ाम प्रखंड की बोंटा पंचायत अंतर्गत कोदोगोड़ा गांव में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोंटा पंचायत की मुखिया सुकांति किस्कू उपस्थित रहीं। उनके साथ हलूदबनी ग्राम प्रधान विनय नरेश मुर्मू, इको विकास समिति पगदा के अध्यक्ष सुकुमार बेसरा, बोंटा के अध्यक्ष रवि महतो, मिर्जाडीह की अध्यक्ष शिला किस्कू, समाजसेवी लुलु बहादुर, हरि प्रसाद किस्कू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्कूली बच्चों ने सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा वृक्षारोपण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में वन क्षेत्र पदाधिकारी अर्पणा चंद्रा ने पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वृक्षारोपण ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। पौधरोपण अभियान को सफल बनाने में वनपाल अंकित कुमार श्रीवास्तव, राजा घोष, बालक हांसदा एवं अंचित कुमार राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।


