पटमदा में खराब जलमीनारों की मरम्मत की मांग, विनोद स्वांसी ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
Patamda: कुमीर पंचायत समेत पटमदा प्रखंड के विभिन्न गांवों में महीनों से खराब पड़े जलमीनारों की मरम्मत कराने की मांग को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विनोद स्वांसी ने सोमवार को बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया है कि कुमीर पंचायत के कोचाकुल्ही और सबरटोला गांवों में जलमीनार लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पटमदा प्रखंड के कई अन्य गांवों में भी बड़ी संख्या में जलमीनार विभिन्न तकनीकी कारणों से बंद पड़े हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
विनोद स्वांसी ने कहा कि पेयजल लोगों की मूलभूत आवश्यकता है, लेकिन जलमीनारों के खराब रहने के कारण ग्रामीणों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से सभी खराब जलमीनारों की पहचान कर उनकी शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि जल्द मरम्मत की व्यवस्था नहीं की गई तो गर्मी और मानसून के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं और बढ़ सकती हैं। उन्होंने प्रखंड प्रशासन से अविलंब कार्रवाई कर पेयजल व्यवस्था सुचारु करने का आग्रह किया है। मौके पर पार्टी के कोल्हान प्रमंडल संगठन सचिव उज्ज्वल कुमार महतो व अन्य कार्यकर्त्ता मौजूद थे।



