पटमदा में नेम प्लेट के नाम पर वसूली का विरोध, ग्रामीणों ने युवक को रोका
Patamda: प्रखंड क्षेत्र में मकानों पर जनजागरूकता संदेशों से युक्त नेम प्लेट लगाने के अभियान को लेकर विवाद गहरा गया है। लावा गांव में शुक्रवार को ग्रामीणों ने नेम प्लेट लगाने पहुंचे एक युवक को घंटों रोककर विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना ग्रामसभा की सहमति के प्रत्येक परिवार से 50 रुपये की कथित वसूली की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र में स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशामुक्ति सहित अन्य जनजागरूकता संदेशों वाली नेम प्लेट लगाने का कार्य शुरू किया गया है। इसके तहत प्रति परिवार 50 रुपये की राशि लेने की बात कही गई है। लावा गांव में वार्ड सदस्य प्रतिनिधि हृदय कुंभकार उर्फ साधुचरण कुंभकार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रोहतास जिले के एमवनिया गांव निवासी संजय कुमार राय को रोक लिया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में किसी भी योजना को लागू करने से पहले ग्रामसभा की सहमति आवश्यक है। बिना ग्रामसभा की जानकारी और अनुमति के राशि वसूली उचित नहीं है। घटना की सूचना मुखिया कानूराम बेसरा, ग्राम प्रधान बृंदावन दास, जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा तथा पटमदा थाना को दी गई। सूचना मिलने पर जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा मौके पर पहुंचे और युवक से पूछताछ के बाद उसे प्रखंड कार्यालय ले गए। उन्होंने बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास से मुलाकात कर नेम प्लेट के नाम पर की जा रही वसूली पर रोक लगाने और मामले की जांच की मांग की।
प्रदीप बेसरा ने कहा कि कई गांवों से इस प्रकार की शिकायतें मिल रही हैं। उनका आरोप है कि नेम प्लेट की वास्तविक लागत कम होने के बावजूद बड़ी संख्या में परिवारों से राशि ली जा रही है। इधर, प्रखंड कार्यालय की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रति प्लेट 50 रुपये की राशि गृहस्वामी द्वारा स्वेच्छा से दी जाएगी तथा किसी भी व्यक्ति पर भुगतान के लिए दबाव नहीं बनाया जाएगा। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और ग्रामीण प्रशासन से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान बृंदावन दास ने बताया कि बीडीओ द्वारा बीते 3 जून को जारी पत्र के अनुसार वार्ड सदस्य के घर उक्त युवक को भेजा गया था और कहा गया था कि आप इस पत्र के आधार पर ग्रामीणों को सूचित करें। किसी से वसूली की बात नहीं कही गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि जमीन संबंधी विवाद का समाधान करने के लिए वार्ड नंबर 1 स्थित रमेश रूहिदास के घर पर प्रशासन के साथ थे।
बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि उन्होंने एक पत्र ज़ारी करते हुए प्रति परिवार 50 रुपए की राशि स्वेच्छा से लेने की बात कही है किसी तरह का दबाव नहीं बनाने की बात है।



