पटमदा में फूस के मकान में लगी आग, हजारों की संपत्ति जलकर राख
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के गोबरघुसी गांव में शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे एक फूस (पुआल) के मकान में अचानक आग लग जाने से हजारों रुपये की संपत्ति का नुकसान हो गया। घटना के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। बताया जाता है कि घर में सो रहे निर्मल सिंह के परिजनों को तेज गर्मी का एहसास होने पर उनकी नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो मकान की पुआल की छत में अज्ञात कारणों से आग लग चुकी थी और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
परिजनों द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, समय रहते घर से कुछ आवश्यक सामान बाहर निकाल लिया गया, जिससे परिवार के सभी छह सदस्य सुरक्षित बच गए। लेकिन आग की इस घटना में पीड़ित परिवार को हजारों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ और परिवार बेघर हो गया। घटना की सूचना मिलने पर शनिवार को मुखिया प्रतिनिधि खगेन्द्र नाथ सिंह एवं उपमुखिया प्रतिनिधि नीलरतन पाल ने अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास को मामले से अवगत कराते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। अंचलाधिकारी के निर्देश पर हल्का कर्मचारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन सौंप दिया है, ताकि आपदा प्रबंधन विभाग से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जा सके। वहीं, समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।



