पटमदा में दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स एवं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ
Patamda: जाल्ला स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र, पटमदा के मैदान में बुधवार को दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स एवं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन अंडर-12 बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए, जबकि अंडर-15 बालक तथा अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं गुरुवार को होंगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन पटमदा मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद कुईला ने फुटबॉल पर किक मारकर किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैदान में खिलाड़ियों के जोश और खेल भावना ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। अंडर-12 बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय गाड़ीग्राम की टीम विजेता तथा प्राथमिक विद्यालय घोषडीह की टीम उपविजेता बनी। वहीं बालिका वर्ग में उत्क्रमित मध्य विद्यालय रांगाटांड़ ने खिताब अपने नाम किया, जबकि उत्क्रमित मध्य विद्यालय पटमदा बस्ती की टीम उपविजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीमों को अवनी कुमार महंती एवं शकुंतला महतो ने ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता दल अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बीआरपी अवनी कुमार महंती, बीपीओ शकुंतला महतो, अरविंद कुईला, प्रबोध कुमार महतो, अजीत कुमार, अम्ब्रेश कुमार, रामपद महतो, राज नारायण दत्त, नरेंद्र नाथ दत्त, प्राणकृष्ण कुंभकार, संजय महतो, बासुदेव महतो, अमीय दत्त एवं मिहिर कुमार प्रमाणिक सहित अन्य शिक्षकों और कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।




