दिव्यांग बच्चों को मिलेंगे सहायक उपकरण, बोड़ाम में 31 बच्चों का चयन
Patamda: झारखंड शिक्षा परियोजना, पूर्वी सिंहभूम की ओर से समग्र शिक्षा अभियान के तहत समावेशी शिक्षा एवं पीएम श्री योजना के अंतर्गत सोमवार को प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी माधवपुर), बोड़ाम में दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण जांच शिविर आयोजित किया गया। इसमें एलिम्को की टीम ने कुल 33 दिव्यांग बच्चों की जांच की। इनमें 31 बच्चों का चयन कर उनकी जरूरतों के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए आकलन किया।
शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करना और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। एलिम्को की टीम में अमर, बहादुर, रोहित, त्रिवेदी, सोनाली सिंह एवं अभय कुमार शामिल थे। वहीं, बीआरसी के कर्मियों में निखिल मंडल, बृहस्पति सोरेन, प्रदीप कुमार महतो, अभिलाष कुमार, जीत सिंह महतो, स्वपन कुमार महतो एवं शांता बिलुंग उपस्थित थे।











